अनुपस्थित 07 कर्मचारी तत्काल निलंबित – लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई


सिलवासा। संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली एवं दमन और दीव के माननीय प्रशासक श्री प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव डॉ. सागर डोईफोड़े ने 10 मई 2025 को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की प्रत्यक्ष समीक्षा करना था।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल खानवेल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मांदोनी और आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंदोनी का दौरा किया। उन्होंने इन स्वास्थ्य संस्थानों में दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, संसाधनों की उपलब्धता तथा महत्वपूर्ण बिंदुओं जैसे शिशु मृत्यु दर (IMR), संस्थागत प्रसव, सर्जरी सेवाएं, कुपोषण और एनीमिया की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया।
इस दौरान 07 स्वास्थ्यकर्मी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए, जिनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉ. डोईफोड़े ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डॉ. सागर डोईफोड़े ने कहा, “स्वास्थ्य विभाग प्रदेशवासियों को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। यदि कोई भी कर्मचारी या अधिकारी इसमें बाधा बनता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को लेकर सक्रिय हुआ प्रशासन – सुदृढ़ हो रही स्वास्थ्य व्यवस्था
डॉ. सागर डोईफोड़े की कार्यशैली से स्वास्थ्य तंत्र में आई पारदर्शिता और जवाबदेही






