“अवैध इमारतों पर प्रशासन का हथौड़ा, कचीगाम में 100 से अधिक चालें तोड़ी गईं”



✍️ दमण | दमण प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत अवैध निर्माण पर ज़बरदस्त कार्रवाई करते हुए कचीगाम क्षेत्र में 100 से अधिक अवैध चालें, शेड, फैक्ट्री और ऑफिस ढहा दिए। यह अभियान प्रशासन के सख्त आदेशों और नियमानुसार कार्यवाही के तहत चलाया गया ताकि क्षेत्र में अनधिकृत निर्माणों पर लगाम लगाई जा सके और नागरिकों को नियोजित विकास का लाभ मिल सके।
इस कार्रवाई में दिनेश धोडी के स्वामित्व वाली तीन अवैध बिल्डिंग शामिल थीं, जिनमें बनी 100 से अधिक चालों को प्रशासन द्वारा गिरा दिया गया।
वहीं तनोज पटेल की ओर से खड़ी की गई लगभग 70 अवैध चालें, एक अवैध मंजिल, 11 दुकानें, और एक ऑफिस निर्माण को भी हटाने की प्रक्रिया तेज़ी से पूरी की गई।




प्रशासनिक मशीनरी की तत्परता और सख्ती से जनता में यह संदेश गया है कि अवैध निर्माण को अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई केवल एक उदाहरण नहीं, बल्कि आने वाले समय में नियम विरुद्ध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का संकेत है।
कलेक्टर कार्यालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अन्य अतिक्रमणों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की इस पहल की आम जनता और स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है, जो लंबे समय से इन अवैध निर्माणों से परेशान थे।








