वापी: शहर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति को अपंग बनाकर जबरन भीख मंगवाने की साजिश के तहत पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी 19 वर्षीय आदर्श उर्फ आदू रामशेठ अमरिया भोसले (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नाबालिग आरोपियों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने चंद घंटों में इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया।


खुली जगह में मिला शव, पुलिस ने तुरंत शुरू की जांच
यह घटना सहारा मार्केट के सामने रिलायंस कंपनी की खुली जमीन पर हुई, जहां 40-45 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव मिला। सुरक्षागार्ड जीवाला भाई कुरकुटिया की शिकायत पर वापी टाउन पुलिस ने जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी जांच से हत्या का खुलासा
वलसाड SP डॉ. करणराज वाघेला और सूरत IGP प्रेम वीर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया। CCTV फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। शुरुआती जांच में संदिग्ध भिखारी जैसे नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और फुटपाथ पर गहन तलाशी अभियान चलाया।
तीन आरोपी पकड़े गए, कबूला जुर्म
वापी रेलवे स्टेशन के बाहर से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी आदर्श भोसले और दो नाबालिगों ने कबूल किया कि वे मृतक को अपंग बना कर जबरन भीख मंगवाना चाहते थे। जब मृतक ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले का किया खुलासा, आगे की जांच जारी
वापी पुलिस ने मुख्य आरोपी और दोनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल थे।







