
सिलवासा। हावेली इंस्टिट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज़ एंड रिसर्च द्वारा सत्र 2024-25 के विद्यार्थियों के लिए ‘Saaransh – 2025’ नामक विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर एक यादगार शाम का आनंद लिया।
समारोह के मुख्य आकर्षण में छात्र दुर्गेश ओझा एवं छात्रा पायल संघवी को ‘किंग एंड क्वीन ऑफ़ द ईवनिंग’ का खिताब मिला। उनकी ताजपोशी होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि श्री फतेहसिंहजी एम. चौहान, चेयरमैन, लायंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट, ने समारोह की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में श्री आनंदराव डी. निकम (वाइस चेयरमैन), श्री कुलदीप सिंह मूंद्रा (सेक्रेटरी), श्री जयेंद्रसिंहजी राठौड़ (जॉइंट सेक्रेटरी), श्री विश्वेश दवे (कोषाध्यक्ष), श्रीमती निराली पारेख (प्राचार्या, लायंस स्कूल), डॉ. सीमा पिल्लई (प्राचार्या, श्रीमती देवकीबा मोहनसिंहजी चौहान कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस) और डॉ. जानवी अरेकर (वाइस प्रिंसिपल) सहित कई गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री फतेहसिंहजी चौहान ने अपने प्रेरक संबोधन में छात्रों को आत्मविश्वास, प्रभावी संचार कौशल और धैर्य के महत्व को समझाया और उन्हें बड़े सपने देखने तथा मेहनत के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान की प्राचार्या डॉ. शिल्पा तिवारी ने छात्रों के साथ बिताए गए यादगार पलों को साझा किया। समारोह में संस्थान के प्रोमोशनल वीडियो का विमोचन भी किया गया, जिसे जल्द ही विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जारी किया जाएगा।
छात्रों द्वारा प्रस्तुत महाभारत थीम सॉन्ग पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें आयोजन समिति, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अतिथियों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया गया।

‘सारांश – 2025’ न केवल एक विदाई समारोह था, बल्कि यह भावनाओं, प्रेरणा और नए आरंभ का उत्सव भी बना, जिसने विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक यात्रा की मधुर यादों को संजोने और आत्मविश्वास के साथ भविष्य की ओर बढ़ने का अवसर प्रदान किया।








