

वापी (गुजरात), 6 मई 2025 वापी तालुका के सलवाव क्षेत्र में स्थित जे.पी. इंडिया ट्रांसपोर्ट कंपनी में ₹16.70 लाख की नगद चोरी का पर्दाफाश वलसाड लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने कर दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹4.57 लाख की नकदी बरामद की है। चोरी में कंपनी के आसपास कार्यरत एक ट्रांसपोर्ट मजदूर की भूमिका भी सामने आई है, जिसने पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए मुख्य आरोपियों को अंदर की जानकारी दी थी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 29 अप्रैल 2025 की रात को घटी, जब तीन अज्ञात शख्सों ने ट्रांसपोर्ट कंपनी का शटर तोड़ा और तिजोरी से ₹16.70 लाख की नकद राशि लेकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद, पुलिस अधीक्षक डॉ. करणराज वाघेला के मार्गदर्शन में LCB पीआई उत्सव बारोट और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। टीम ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और आखिरकार चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सद्दाम अमीरुल खान (उम्र 22), सीराज शाह नुरूल जमीर मिया (22), सलमान यतुल्ला शाह (20) और जाहीद मुबारक चौधरी (20) के रूप में हुई है। इन चारों में से जाहीद सलवाव क्षेत्र की एक अन्य ट्रांसपोर्ट कंपनी में मजदूर के रूप में काम करता था। जांच में पता चला कि जाहीद ने ही बाकी आरोपियों को जे.पी. इंडिया ट्रांसपोर्ट कंपनी की नकदी, सुरक्षा व्यवस्था और लोकेशन की पूरी जानकारी दी थी।
पुलिस ने आरोपियों से ₹4.57 लाख नकद जब्त की है, जबकि बाकी रकम की तलाश जारी है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इन आरोपियों ने इससे पहले एक अन्य ट्रांसपोर्ट कंपनी से ₹15,000 की चोरी भी की थी।
वलसाड पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और अन्य संभावित आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।






