🌍 नमो पथ पर ‘वन अर्थ, वन हेल्थ’ थीम के साथ 6000 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास
🔥 प्रशासक प्रफुल पटेल ने किया दीप प्रज्वलन, भव्य आयोजन में दिखी एकजुटता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता


दमण | ब्यूरो रिपोर्ट
संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमण एवं दीव प्रशासन के चिकित्सा विभाग द्वारा आज प्रातः 6 बजे देवका नानी दमण के नमो पथ पर 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों व सुरक्षाबलों ने भाग लेकर एकता और स्वास्थ्य का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत 6:30 बजे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संबोधन के जीवंत प्रसारण के साथ हुई, जिसके पश्चात कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित माननीय प्रशासक श्री प्रफुल पटेल ने दीप प्रज्वलन कर इस आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया। नमो पथ के लगभग 3 किलोमीटर विस्तार में यह आयोजन हुआ जिसमें मुख्य मंच से योग का सीधा प्रसारण किया गया। वहीं, अलग-अलग मंचों से योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सटीक योग मुद्राएं सिखाईं।


प्रशासन द्वारा प्रतिभागियों को विशेष टी-शर्ट्स और योगा मैट भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में 6000 से अधिक योग साधकों ने भाग लिया, जिनमें प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, पुलिस, आईआरबी, कोस्टगार्ड के जवान, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की थीम “Yoga for One Earth, One Health” रखी गई, जिसका संदेश है कि योग केवल व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि समग्र पृथ्वी और मानवता के लिए आवश्यक है। योग से न केवल शरीर और मन को बल मिलता है, बल्कि यह पर्यावरण और समाज में संतुलन भी स्थापित करता है।
कार्यक्रम का समापन सुबह 8 बजे शांति पाठ और राष्ट्रगान के साथ हुआ।






