साजिश का पर्दाफाश: मोबाइल दुकानदार के अपहरण व हत्या मामले में दो मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

5000 किमी की तलाश और इंटरस्टेट ऑपरेशन के बाद पुलिस ने झारखंड से दबोचे आरोपी

दोस्त बना दुश्मन, ईगो और बदले की भावना ने ली जान

दादरा नगर हवेली | सिलवासा | 04 जुलाई 2025
सिलवासा के अमली फुवारा स्थित एस.के. मोबाइल शॉप के मालिक जनकिनाथ उर्फ कुनाल सूरज प्रसाद के अपहरण और हत्या की गुत्थी को दादरा नगर हवेली पुलिस ने सुलझाते हुए दो मुख्य साजिशकर्ताओं को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 17 जून 2025 को शाम 6:45 बजे की है जब कुछ अज्ञात लोगों ने जानकिनाथ @ कुनाल प्रसाद को उसकी दुकान से अगवा किया। कुछ ही घंटों में पुलिस को उसका शव परथ ढाबा, बाराटपाड़ा (गलौंडा) के पीछे खुले मैदान में खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में मिला। वीबीसीएच अस्पताल में उसे मृत घोषित किया गया। 18 जून को एफआईआर दर्ज हुई जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पता चला कि इस जघन्य अपराध की साजिश सिलवासा निवासी अश्विन गार्डे और करन सिंह ने रची थी। दोनों अपराध के बाद फरार हो गए थे। पुलिस टीमों ने गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, ओडिशा व नेपाल बॉर्डर तक 5000 किमी का सफर तय किया। कड़ी मेहनत और ह्यूमन इंटेलिजेंस के दम पर 15 दिन की मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को रांची (झारखंड) से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

दोनों आरोपियों को 4 जुलाई को सिलवासा पुलिस स्टेशन में गिरफ्तार किया गया और उन्हें माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दादरा नगर हवेली की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या दोस्ती में दरार, एक-दूसरे पर आरोप और अहम की लड़ाई के चलते हुई।

दादरा में बनते गुंडों पर लगाम: अपराधियों को पकड़ने में पुलिस की सख्त कार्रवाई

DIG अमित शर्मा (IPS) के नेतृत्व में दादरा नगर हवेली पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में अपराध की कोई जगह नहीं है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस सख्त है और भविष्य में भी ऐसे अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों की धरपकड़ और मजबूत कानूनी कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन, क्षेत्र को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. अश्विन वामनराव गार्डे, निवासी – ई-101, प्रमुख गार्डन, सिलवासा
  2. करण राजकुमार सिंह, निवासी – फ्लैट नं. 402, आइवी बी, पार्क सिटी, सिलवासा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *