APK फाइल से बैंक फ्रॉड और डेटा चोरी: उपमहानिदेशक अमित शर्मा ने बताए बचाव के 9 उपाय
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर अलर्ट: फर्जी ऐप, लोन और कॉल से रहें सावधान, तुरंत करें 1930 पर शिकायत


समीर गोहिल संवादाता:
दादरा नगर हवेली में मोबाइल एप्लीकेशनों के जरिए बढ़ते साइबर अपराधों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में मंगलवार को उपमहानिदेशक अमित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नागरिकों को जागरूक करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उनके साथ साइबर सेल प्रभारी सूरज पटेल, एसडीपीओ संदीप रूपेला और खानवेल के एसडीपीओ रामकृष्ण शरण भी मौजूद रहे।

उपमहानिदेशक अमित शर्मा ने बताया कि बीते कुछ महीनों में APK फाइल्स के जरिए मोबाइल फोन में मालवेयर इंस्टॉल कर बैंकिंग फ्रॉड, निजी जानकारी चोरी और फर्जी कर्ज जैसे अपराधों में तेजी देखी गई है। हालांकि, साइबर सेल द्वारा कई मामलों को सफलतापूर्वक सुलझाया गया है, फिर भी अपराध की तीव्रता को देखते हुए अब पुलिस जागरूकता अभियान शुरू करेगी।
❗ सबसे आम साइबर धोखाधड़ी के तरीके:
सरकारी ऐप के नाम पर फर्जी APK फाइल: सब्सिडी या सरकारी योजनाओं का झांसा देकर फर्जी ऐप से बैंक और व्यक्तिगत जानकारी चोरी।
फर्जी कस्टमर केयर/टेक सपोर्ट ऐप्स: बैंक या ई-कॉमर्स कंपनियों के नाम पर बनाए गए ऐप्स जो मोबाइल पर नियंत्रण कर आर्थिक धोखाधड़ी करते हैं।
फर्जी ऋण (Loan) ऐप्स: त्वरित ऋण का लालच देकर व्यक्ति की गैलरी, कॉन्टैक्ट लिस्ट तक पहुंच और फिर ब्लैकमेल या अधिक ब्याज से परेशान करना।
गेमिंग/मनोरंजन ऐप्स: मुफ्त प्रीमियम कंटेंट का वादा करके फोन में स्पाइवेयर या वायरस डालना।
📱 उपमहानिदेशक अमित शर्मा द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव:
- ऐप्स सिर्फ आधिकारिक स्रोत से डाउनलोड करें – Android के लिए Google Play Store और iOS के लिए Apple Store से ही।
- अज्ञात APK फाइलों से बचें – किसी भी WhatsApp लिंक या संदिग्ध वेबसाइट से मिली APK फाइल को कभी इंस्टॉल न करें।
- ऐप परमिशन जांचें – ऐप्स को इंस्टॉल करते वक्त देखें कि वो किन चीजों की अनुमति मांग रहा है। अनावश्यक परमिशन पर तुरंत अलर्ट हो जाएं।
- फोन सॉफ्टवेयर को अपडेट रखें – ताकि नवीनतम सुरक्षा पैच हमेशा एक्टिव रहे।
- मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें – सभी ऑनलाइन अकाउंट के लिए।
- संदिग्ध कॉल व मैसेज से सावधान रहें – जो ऐप डाउनलोड या जानकारी साझा करने को कहें।
- ऑनलाइन पेमेंट में सावधानी रखें – हमेशा सुरक्षित पेमेंट गेटवे का ही इस्तेमाल करें।
- डिवाइस में संदिग्ध ऐप्स की जांच करें – जैसे RTOchalan.apk, PMKisaan.apk, bses.apk, SBI.apk, PNB.apk आदि।
- साइबर अपराध होने पर तुरंत शिकायत करें – हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें।
🚨 यदि कोई व्यक्ति कहे कि उसका फोन या व्हाट्सऐप हैक हो गया है, तो ये करें:
- तुरंत सिम कार्ड हटाएं
- डिवाइस को एयरप्लेन मोड में करें
- सेटिंग में जाकर अनधिकृत ऐप्स को हटाएं
- निजी जानकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करें
🔍 जागरूक नागरिक, सुरक्षित समाज
दादरा नगर हवेली पुलिस अब जिलेभर में साइबर जागरूकता अभियान चलाएगी जिसमें स्कूली छात्र, व्यापारी, सरकारी कर्मचारी और आम नागरिकों को इन खतरों से अवगत कराया जाएगा।
✍️ साइबर ठगी से बचना है, तो सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है।
सम्पर्क: 1930 (साइबर हेल्पलाइन)







