दमन: स्पा की आड़ में अनैतिक कार्यों का भंडाफोड़, महिला गिरफ्तार, 5 पीड़ितों का बचाव

दमन, 12 मार्च – दमन पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अनैतिक कार्यों का पर्दाफाश करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया और पांच पीड़ित महिलाओं को बचाया। यह कार्रवाई होटल सलमान, नानी दमन में स्थित खुशी स्पा में की गई, जहां महिलाओं को देह व्यापार में धकेला जा रहा था।

कैसे हुआ खुलासा?

11 मार्च 2025 को नानी दमन पुलिस स्टेशन को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि होटल सलमान के पहले माले पर स्थित खुशी स्पा में अनैतिक कार्य किए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने एक डमी ग्राहक को नकद रुपए देकर भेजा। जब इस बात की पुष्टि हुई, तो पुलिस टीम ने वहां छापा मारा और पांच महिलाओं को बंधनमुक्त किया।

गिरफ्तारी और जब्ती

पूछताछ में पता चला कि स्पा की रिसेप्शनिस्ट उषा सिंह (निवासी: वापी, गुजरात) अपने आर्थिक लाभ के लिए महिलाओं से अनैतिक कार्य करवाती थी। डमी ग्राहक द्वारा दिए गए नकद रुपए उसी महिला के पास से बरामद हुए।

पुलिस ने उषा सिंह को Immoral Trafficking (Prevention) Act, 1956 की धारा 3, 4 और 5 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

जब्त की गई सामग्री:

Realme कंपनी का मोबाइल

Vivo कंपनी का मोबाइल

नकद राशि

प्रशासन को सख्त कार्रवाई की जरूरत

इस घटना ने दमन और आसपास के इलाकों में तेजी से फल-फूल रहे अनैतिक कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह सिर्फ एक स्पा तक सीमित नहीं है, बल्कि कई अन्य होटलों और गेस्टहाउस में भी ऐसे काले धंधे संचालित हो रहे हैं। पुलिस को चाहिए कि वह सिर्फ एक मामले पर कार्रवाई करके न रुके, बल्कि दमन, वापी, सिलवासा, भिलाड और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे ऐसे अवैध रैकेट को पूरी तरह जड़ से खत्म करे।

महिलाओं के पुनर्वास की जरूरत

इस तरह के मामलों में सबसे अधिक शोषण का शिकार महिलाएं होती हैं, जिन्हें मजबूरी में इस दलदल में धकेल दिया जाता है। प्रशासन और सामाजिक संगठनों (NGOs) को इन महिलाओं के पुनर्वास पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इन्हें सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार, कौशल विकास और सुरक्षित नौकरियों से जोड़ा जाना चाहिए ताकि वे इस अंधेरे से बाहर निकल सकें।

पुलिस और कलेक्टर को विशेष ध्यान देना चाहिए

दमन में लगातार स्पा और मसाज पार्लर की आड़ में अनैतिक कार्यों की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन और दमन के कलेक्टर को इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि कोई भी महिला इस गंदे खेल का शिकार न बने।

“दमन को स्वच्छ और सुरक्षित बनाना है, तो ऐसे अवैध धंधों पर पूरी तरह रोक लगानी होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *