रात की रौशनी में दमकती महिला शक्ति: SGF वुमेन्स नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट सीजन-4 का जोशीला आगाज़

कीर्ति चौहान और रजनी शेट्टी बनीं महिला खिलाड़ियों की प्रेरणास्रोत

सिलवासा | जिला पंचायत शिक्षण विभाग और दानह भारत स्काउट गाइड फेलोशिप के संयुक्त प्रयास से SGF वुमेन्स नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट सीजन-4 का शानदार उद्घाटन उप समाहर्ता एवं दानह भारत स्काउट गाइड के उपाध्यक्ष श्री अमित कुमार और नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रजनी शेट्टी द्वारा किया गया।

इस विशेष अवसर पर उपस्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल की अध्यक्ष कीर्ति चौहान और रजनी शेट्टी दोनों ने महिला खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए, नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।


कीर्ति चौहान ने कहा, “इस टूर्नामेंट के ज़रिए बेटियाँ न केवल खेल में भागीदारी निभा रही हैं, बल्कि रात की फ्लडलाइट्स में आत्मविश्वास और नेतृत्व का प्रतीक बन रही हैं।”
वहीं रजनी शेट्टी ने इसे “महिलाओं के लिए खेल और सुरक्षा दोनों के संतुलन की मिसाल” बताया। उन्होंने कहा कि “यह पहल सिलवासा की बेटियों को नई दिशा देने वाली है। महिला खिलाड़ियों को ऐसे मंच से आत्मबल और प्रेरणा मिलती है।”

इस दो दिवसीय टूर्नामेंट का आयोजन श्री प्रियांक किशोर (समाहर्ता एवं संरक्षक, दानह भारत स्काउट गाइड) के आदेशानुसार और श्री अरुण गुप्ता (निदेशक, खेल मंत्रालय एवं युवा मामले) के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें कुल 8 महिला फुटबॉल टीमों ने भाग लिया – जिनमें ऑस्कर फाउंडेशन, सीजीपीएस टीम ए व बी, वापी एफसी, ऐंजल एफसी, ग्लोण्डा एफसी और सेंट जेवियर्स एफसी शामिल थीं।

उद्घाटन समारोह में विशेष रूप से यास्मीन बाबुल, शर्मिष्ठा देसाई, निमिष पटेल, महेश पटेल, पिंकी खिमनानी की उपस्थिति रही। वहीं जिला पंचायत शिक्षण विभाग के प्राथमिक शिक्षा अधिकारी एवं स्काउट गाइड सचिव जयेश भंडारी द्वारा विजेता एवं उपविजेता ट्रॉफी का अनावरण किया गया।

सेमीफाइनल मुकाबलों में पहला मैच ऑस्कर एफसी बनाम सीजीपीएस एफसी और दूसरा सेंट जेवियर्स बनाम वापी एफसी के बीच खेला जाएगा।

अंत में, सभी महिला प्रतिभागियों को जिला पंचायत द्वारा स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित करने की घोषणा की गई – यह टूर्नामेंट महिला खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *